5 Dariya News

केंद्र सरकार वादे पूरा करने में असफल : शरद यादव

5 Dariya News

भोपाल 30-Apr-2016

जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और सांसद शरद यादव ने यहां शनिवार को कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में असफल रही है।मध्यप्रदेश की राजधानी में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि केंद्र सरकार वादे पूरे करने में नाकाम रही है। किसानों को न तो फसल का डेढ़गुना दाम मिला और न ही दो करोड़ लोगों को रोजगार।यादव ने आगे कहा कि मप्र में खजिन संपदा की लूट मची हुई है। नर्मदा नदी में अवैध उत्खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। नर्मदा को बचाने के लिए व्यापकस्तर पर आंदोलन चलाए जाने की जरूरत है।उन्होंने शराबबंदी को मौजूदा समय की जरूरत बताया और कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि मध्यप्रदेश में भी बिहार की तरह शराबबंदी लागू की जाए। इसके लिए एक अभियान की जरूरत है। 

यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव और संघर्ष दोनों से ही पार्टी की पहचान होती है। चुनावी राजनीति में पार्टी के कमजोर होने से संघर्ष भी कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों में कोई फर्क नहीं है।जद(यू) के राष्ट्रीय नेता यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में बैठी सांप्रदायिक ताकतें दंगे करवाकर देश को बांटना चाहती हैं। इसे रोकने के लिए समाज को आगे आना होगा।इस मौके पर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद यादव ने आगामी रणनीति का खुलासा किया।