5 Dariya News

माकपा का भाजपा से है चुनावी गठजोड़ : ओमान चांडी

5 Dariya News

कोझीकोड (केरल) 25-Apr-2016

केरल के मुख्यमंत्री ओमान चांडी ने सोमवार को मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो सदस्य पिनाराई विजयन पर पलटवार किया। विजयन ने आरोप लगाया था कि केरल में होने जा रहे चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) और भाजपा-आरएसएस के बीच एक गुप्त गठबंधन है। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यहां चांडी ने कहा कि कांग्रेस ने अब तक कभी भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ संबंध नहीं बनाया, जबकि माकपा ऐसा कर चुकी है। चांडी ने कहा, "मैं इससे आश्चर्य चकित हूं कि इस बारे में विजयन आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। यह कौन नहीं जानता कि ऐसा अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम) के कुछ वोट पाने के मकसद से किया जा रहा है।"

उन्होंने केरल में माकपा के कभी जनसंघ के साथ के बारे में बताया। चांडी ने कहा, "वर्ष 1977 में जैसे ही आपातकाल हटा, हमने देखा कि विजयन ने विधानसभा चुनाव लड़ा और यही काम जनसंघ के नेता के.जी. मरार ने भी किया।"चांडी ने कहा, "दोनों ने मंच भी साझा किया। यह दो दलों का संबंध था। वे कहते हैं कि आपातकाल की वजह से उन लोगों ने हाथ मिलाया था, लेकिन चुनाव तो आपातकाल हटने के बाद हुआ था। इसलिए उनका रिश्ते को जारी रखना अच्छा नहीं था। अब वे हम पर दोष मढ़ रहे हैं।"चांडी ने कहा कि पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी माकपा ने कर्तव्य से भागने वाला काम किया। 

माकपा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आंख बंद करके विरोध किया, नहीं तो वह बिहार में महागठबंधन में शामिल हो गई होती। उसने अलग से लड़ने का फैसला किया और उसके इस फैसले से भाजपा को 11 सीटें अतिरिक्त मिलीं। केरल में मुख्य मुकाबला परंपरागत प्रतिद्वंद्वी यूडीएफ और माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के बीच है। भाजपा को 140 सदस्यीय केरल विधानसभा चुनाव में अभी खाता खोलना है। केरल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कुमानेम राजाशेखरन ने सोमवार को दोनों मोर्चो की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और माकपा दोनों राज्य की जनता को मूर्ख बनाने के लिए दोहरा खेल खेल रही हैं। उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और माकपा के बीच घनिष्ठ संबंध हैं जबकि यहां ये जनता को मूर्ख बना रही हैं।