कश्मीर में ताजा हिंसा के बीच अमित शाह से मिलीं महबूबा मुफ्ती
5 Dariya News
नई दिल्ली 14-Apr-2016
सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में चार नागरिकों की मौत के बाद कश्मीर घाटी में फैले तनाव के बीच जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने कश्मीर घाटी की ताजा स्थिति पर चर्चा की। उत्तरी कश्मीर में जनता और सुरक्षा बलों की झड़पों के बाद प्रशासन ने घाटी में कर्फ्यू लगा दिया है। पीडीपी नेता महबूबा के चार अप्रैल को जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी शाह से यह पहली मुलाकात है। इस बैठक में भाजपा के जम्मू एवं कश्मीर मामलों के प्रभारी राम माधव भी मौजूद थे। महबूबा मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंची। वह गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं। महबूबा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से बुधवार को राज्य में सुरक्षा एवं विकास के मुद्दों पर चर्चा करने लिए अलग-अलग मुलाकात कर चुकी हैं।