पीडब्ल्यूडी मैनिकल कर्मचारियों ने किया प्रमुख अभियंता के कार्यालय पर प्रदर्शन
मांगों नहीं मानी तो होगा प्रदेश स्तरीय बड़ा आंदोलन
5 Dariya News
पंचकूला 06-Apr-2016
हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ की राज्य कार्यकारिणी के निर्णय अनुसार कर्मचारियों ने आज पंचकूला में जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रदेश स्तरीय धरना देकर प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता प्रांतीय प्रधान विश्वनाथ शर्मा ने की जबकि मंच का संचालन प्रांतीय महासचिव नरेंद्र धीमान ने किया। आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में यूनियन के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने बताया कि धरने पर यूनियन की सभी ब्रांचों, जिला कमेटियों तथा राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा यूनियन के पूर्व राज्य प्रधान रमेश शर्मा, बिजेंद्र पहलवान, वित्त सचिव ईश्वर शर्मा, मुख्य संगठन कर्ता रमेश मुदगिल ने विशेष रुप से शिरकत की।धरने को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा ने कहा कि विभाग के प्रमुख अभियंता का रवैया कर्मचारी विरोधी है। वे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं तथा बातचीत से मांगों का समाधान करने की बजाय टकरावपूर्ण रवैया अपनाए हुए हैं।
जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की अनेक मांगें काफी समय से लंबित पड़ी हैं जिनमें ग्रामीण जलापूर्ति के नलकूपों को ग्राम पंचायतों को सौंपने का निर्णय वापस लेना, कर्मचारियों के डांगरी, रेनकोट, रबड़ शोल शूज के रेट बढ़ाना, विभाग में आउट सोर्सिंग प्रणाली के तहत लगे कच्चे कर्मचारियों को टीडीओ के माध्यम से श्रम विभाग द्वारा निर्धारित वेतन या डीसी रेट देना, कर्मचारियों को कन्फर्म करना, सेवानियमों की त्रुटि दूर करना आदि मांगें प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि आज के धरने को हरियाणा कर्मचारी महासंघ के राज्य प्रधान कंवर सिंह यादव, महासचिव वीरेंद्र धनखड़, मुख्य संगठनकर्ता कुलभूषण शर्मा, उपमहासचिव वेदप्रकाश शर्मा, उपप्रधान राजबीर बैनिवाल, अध्यापक संघ के नेता बलदेव सैणी, शिक्षा निदेशालय के प्रधान अधीश शर्मा, ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय चेयरमैन उत्तम मलिक, वरिष्ठ उपप्रधान मुंशीराम कंबोज, वित्त सचिव पवन रजाना, मुख्य प्रवक्ता विनोद शर्मा, उपमहासचिव कदम सिंह, उपप्रधान कृष्ण मुदगिल, प्रेस सचिव अमरीक सिंह, महासंघ पंचकूला के प्रधान भागीरथ टकैत आदि नेताओं ने प्रमुख अभियंता के कर्मचारी विरोधी रवैये की जमकर आलोचना की और मांग की कि बातचीत से कर्मचारियों व मांगों का समाधान किया जाए अन्यथा यूनियन तीखे व निर्णायक आंदोलन पर जाने पर मजबूर होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदार विभाग के प्रमुख अभियंता की होगी।