5 Dariya News

थरूर न तो भगत सिंह को जानते हैं न ही कन्हैया को : कमल शर्मा

कन्हैया व राहुल का मिलना प्रमाण है कि थरूर उनके ही मैसेंजर बन कर जेएनयू गए ,शहीद की तुलना देशद्रोह के आरोपी से करने पर थरूर व कांग्रेस देश से माफी मांगे

5 Dariya News

जालंधर 22-Mar-2016

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के नेता शशि थरूर द्वारा देशद्रोह के आरोपी जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया की तुलना शहीद भगत सिंह से करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि शायद श्री थरूर न तो कन्हैया के बारे में जानते हैं और न ही भगत सिंह के बारे में। उन्होंने बताया कि आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने कार्यालय में कन्हैया से मुलाकात करके साबित कर दिया है कि शशि थरूर उनके संदेशवाहक बन कर ही जेएनयू गए थे। उन्होंने इस अपमानजनक तुलना के साथ-साथ पूरे प्रकरण के लिए शशि थरूर व कांग्रेस पार्टी से मांग की है कि वे इसके लिए पूरे देश से माफी मांगे।आज यहां ज्योति चौक पर भाजपा की तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री कमल शर्मा ने कहा कि यह यात्रा 23 मार्च को शहीद हुए भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को समर्पित है जिन्होंने 'भारत की आजादी के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान किया। 

दुर्भाग्य से शशि थरूर व कांग्रेस पार्टी उन लोगों को अपना आदर्श मानती है जो 'भारत की बर्बादी तक जंग रहेगी जैसे देशद्रोहपूर्ण नारों के आरोप में घिरे हुए हैं और जिसे देशद्रोह के मामले में अदालत से अंतरिम जमानत मिली है। भाजपा अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने कहा कि केवल इतना ही नहीं इन आरोपियों के पक्ष में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी जेएनयू में गए थे और उन्होंने इन असभ्य नारों को विचारों की अभिव्यक्ति बताया था।उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से साफ संदेश जाता है कि कांग्रेस पार्टी अब राष्ट्र विरोधी विचारधारा को खुला प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने शशि थरूर से पूछा है कि जिस कन्हैया ने भारतीय सेना पर बलात्कार का आरोप लगाया हो उसकी तुलना शहीद भगत सिंह के साथ कैसे की जा सकती है।इस अवसर पर पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा ने भगत सिंह का अपमान करने पर शशि थरूर का पुतला भी फूंका।