5 Dariya News

छत्‍तीसगढ़ के छात्रों की गृह राज्‍यमंत्री हरिभाई पारथीभाई चौधरी से मुलाकात

5 Dariya News

नई दिल्ली 21-Mar-2016

केन्‍द्रीय गृह राज्‍यमंत्री हरिभाई पारथीभाई चौधरी ने आज नई दिल्‍ली में छत्‍तीसगढ़ के बच्‍चों से मुलाकात की। बच्‍चों के इस समूह में नौवीं और दसवीं के 72 छात्र शामिल थे। ये छात्र छत्‍तीसगढ़ के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों से आये थे। इनके साथ आठ अध्‍यापक भी थे। यह समूह 18 मार्च, 2016 को नारायणपुर से चला था। बच्‍चों ने दिल्‍ली के ज्‍यादातर ऐतिहासिक स्‍थलों को देखा। छात्रों का यह सांस्‍कृतिक दौरा गृह मंत्रालय के निर्देश पर केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने आयोजित किया है।मुलाकात के दौरान बच्‍चों ने विभिन्‍न ऐतिहासिक स्‍थलों के अपने अनुभव साझा किये। बच्‍चों से बातचीत करते हुए श्री हरिभाई पारथीभाई चौधरी ने उन्‍हें सलाह दी कि वे पढ़ाई पर ध्‍यान केन्द्रित करें। श्री चौधरी ने उनके आगामी बेहतर भविष्‍य की कामना की। उन्‍होंने बच्‍चों को यह भी सलाह दी कि वे स्‍वच्‍छ भारत अभियान सहित ग्रामीण गतिविधियों से भी खुद को जोड़ें।नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की भूमिका के बारे में श्री चौधरी ने कहा कि छत्‍तीसगढ़ के प्रत्‍येक जिले को हर साल 30 करोड़ रूपये का अनुदान दिया जाता है। उन्‍होंने यह भी आश्‍वासन दिया कि भारत सरकार राज्‍य के पिछड़े क्षेत्रों में लोगों के जीवन की गुणवत्‍ता में सुधार संबंधी कई रणनीतियों पर काम कर रही है।मंत्री महोदय ने कहा कि बच्‍चों को घर वापसी के दौरान अपने अनुभवों को अपने मित्रों और परिजनों के साथ साझा करना चाहिए। उन्‍होंने बच्‍चों के भविष्‍य में खुशहाली और कामयाबी की कामना भी की। श्री चौधरी ने बच्‍चों को इस तरह के दौरे आयोजित करने के लिए सीआरपीएफ के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया।