5 Dariya News

कश्मीर में सरकार का गठन संभव नहीं : राम माधव

5 Dariya News

नई दिल्ली 18-Mar-2016

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की किसी भी नई मांग को स्वीकार करने से इंकार करते हुए शुक्रवार को कहा कि शर्तो के आधार पर जम्मू एवं कश्मीर में सरकार का गठन संभव नहीं है। पार्टी महासचिव राम माधव ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हम कोई भी नई मांग मानने के लिए तैयार नहीं हैं। जो भी आशाएं होंगी, सरकार गठन के बाद ही पूरी होंगी।"उन्होंने कहा, "शर्तो पर सरकार के गठन की कोई गुंजाइश नहीं है।"

पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात के एक दिन बाद राम माधव ने ये बातें कही हैं।माधव ने यह भी कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में सरकार गठन को लेकर गतिरोध भाजपा की वजह से नहीं, बल्कि पीडीपी की वजह से है।उन्होंने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर में मौजूदा हालात हमारी वजह से नहीं हैं। मुफ्ती साहब के निधन के बाद पीडीपी को मुख्यमंत्री पद के लिए एक नेता को चुनना था।" उल्लेखनीय है कि जनवरी में मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद उनकी बेटी महबूबा मुफ्ती द्वारा सरकार गठन से इंकार करने के बाद से ही जम्मू एवं कश्मीर में राज्यपाल शासन है।