भाजपा ने ममता से इस्तीफा मांगा
5 Dariya News
नई दिल्ली 16-Mar-2016
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया। स्टिंग ऑपरेशन के मद्देनजर केसरिया पार्टी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की। स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े वीडियो में तृणमूल के कई नेताओं को कथित रूप से घूस लेते हुए दिखाया गया है। केंद्रय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने तहलका टेप कांड का उल्लेख करते हुए संवाददाताओं से कहा कि वाजपेयी सरकार में जब ममता रेल मंत्री मंत्री थीं तो इसी बुनियाद पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
जावड़ेकर ने कहा, "वीडियो में पैसे लेते दिखाए गए तृणमूल के सांसदों को इस्तीफा दे देना चाहिए और ममता बनर्जी को भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।"आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा कि यह मुद्दा केवल राजनीति का ही नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार का है।सुप्रियो ने आईएएनएस से कहा, "यह राजनीति का सवाल नहीं है। यह तो भ्रष्टाचार का मुद्दा है। लोग इसको भलीभांति जानते हैं। दीदी चप्पल में घूमती हैं जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी करोड़पति से कम नहीं हैं।
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने से हमलोगों में से अधिकांश को आश्चर्य नहीं हुआ है।"बाबुल सुप्रियो ने कहा कि जिस न्यूज पोर्टल ने यह स्टिंग किया है उसने लोगों के लिए अच्छा काम किया है। इससे राज्य के लोगों को चुनाव के लिए मन बानाने में मदद मिलेगी।सुप्रियो ने कहा, 'दीदी अक्सर कहती हैं कि जनता मत पेटी में वोट डालकर अपना फैसला सुनाती है। अब देखना है कि होने वाले विधानसभा चुनाव में लोग क्या निर्णय लेते हैं।"