भुजबल की गिरफ्तारी बदले की भावना से नहीं : देवेंद्र फड़णवीस
5 Dariya News
मुंबई 15-Mar-2016
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मंगलवार को विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के नेता छगन भुजबल को प्र्वतन निदेशालय ने भ्रष्टाचार के मामले में किसी बदले की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार नहीं किया है। विधानसभा में मंगलवार को बयान देते हुए फड़णवीस ने कहा कि भुजबल को प्र्वतन निदेशालय की जांच में उनके खिलाफ मिले सबूतों के कारण गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह कोई बदले की भावना से की गई कार्रवाई नहीं है।
हम घोटालेबाजों को बचाने में कोई मदद करेंगे और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।"उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भ्रष्टाचार होता है तो प्र्वतन निदेशालय को क्या चुप बैठना चाहिए। फड़णवीस ने एजेंसी पर जांच के लिए दवाब डालने के अरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय एक स्वतंत्र निकाय है। इसलिए दवाब बनाने का कोई प्रश्न ही नहीं है।"प्रवर्तन निदेशालय ने भुजबल से सोमवार को 11 घंटे तक पूछताछ और उसके बाद उन्हें भ्रष्टाचार के मामले में हिरासत में ले लिया।
इसके बाद महाराष्ट्र में जगह-जगह धरना-प्रदर्शन और रास्ता जाम करने की घटनाएं शुरू हो गई। भुजबल के समर्थन में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए, क्योंकि वह पिछड़े वर्ग के एक जानेमाने नेता हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और एनसीपी ने मंगलवार को विधानसभा में विरोध प्रदर्शन किया और भुजबल की गिरफ्तारी की निंदा की। वहीं, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रवर्तन निदेशालय के इस कदम का स्वागत किया है।