5 Dariya News

केंद्रीय गृहमंत्री ने 2030 के विकास एजेंडा के समर्थन के लिए विधि-शासन पर आयोजित अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन को संबोधित किया

‘बिना विधि-शासन के सतत विकास संभव नहीं’: राजनाथ सिंह

5 Dariya News

नई दिल्ली 06-Mar-2016

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पिछले वर्ष सितंबर में 190 से अधिक देशों द्वारा अंगीकृत संयुक्‍त राष्‍ट्र के 2030 एजेंडा एवं सतत विकास लक्ष्‍य (एसडीजी) अर्जित करने के लिहाज से जटिल और बृहत हैं। आज यहां 2030 के विकास एजेंडा के समर्थन के लिए विधि-शासन पर आयोजित अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज विश्‍व विकास की दिशा में पहले से कहीं अधिक सक्रिय, प्रतिक्रियाशील, अन्‍वेषक और समावेशी दृष्टिकोण की जरूरत महसूस करता है।श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एक ऐसे विश्‍व में, जहां एक छोटी आबादी का समृद्धि एवं भौतिक संपत्ति पर कब्‍जा है, एसडीजी को संपन्‍न वर्गों एवं निर्धनों के बीच की खाई को कम करने पर अधिक ध्‍यान केंद्रित करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि बिना विधि-शासन के सतत विकास संभव नहीं है और सतत विकास के लिए शांति एवं सद्भावना अनिवार्य है। उन्‍होंने यह भी कहा कि यह बेहद महत्‍वपूर्ण बात है कि वैश्विक समुदाय ने हिंसा के सभी रूपों में कमी लाने तथा न केवल राष्‍ट्रीय स्‍तर पर बल्कि, अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर भी विधि-शासन को बढ़ावा देने की जरूरत पर गौर किया है।