5 Dariya News

दिल्ली महिला आयोग हरियाणा 'दुष्कर्म पीड़िता' के साथ

5 Dariya News

नई दिल्ली 26-Feb-2016

दिल्ली महिला अयोग (डीसीडब्ल्यू) ने हरियाणा के मुरथल में कथित तौर पर दुष्कर्म की शिकार हुई दिल्ली की युवती को हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दुष्कर्म की शिकार पीड़िता से 'सामने आने' और 'दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद' देने की अपील की। मालीवाल ने एक ट्वीट में कहा, "मुरथल में दिल्ली की लड़की के साथ दुष्कर्म की बात सुनी। कृपया 181 पर कॉल कीजिए या मेरे कार्यालय में आइये। मामले को गोपनीय रखा जाएगा और इसमें पूरा सहयोग किया जाएगा। कृपया दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद कीजिए।"उनका यह ट्वीट उन खबरों के बाद आया है, जिसमें कहा गया है कि नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की मांग को लेकर हरियाणा में जाट आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुछ लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।