5 Dariya News

भाजपा ने देश में अपातकाल जैसे हालात पैदा किये: हरजोत बैंस

देश विरोधी तत्वों के खिलाफ है आम आदमी पार्टी: शेरगिल

5 Dariya News

चंडीगढ़ 16-Feb-2016

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के परिसर में भाजपा विधायक के नेतृत्व में पत्रकारों और छात्रों की मारपीट की कड़ी निंदा करते हुये छात्रों और पत्रकारों के साथ डटने की घोषणा की है।‘आप’ द्वारा मंगलवार को जारी बयान में यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि लगातार घट रही ऐसी घटनाओं ने देश में अपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिये हैं। दिल्ली के भाजपा विधायक ओपी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा के वकीलों, नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा पत्रकारों और छात्रों के साथ की गई मारपीट इसकी ताजा मिसाल है। जिससे से साफ है कि देश में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने  मीडिया समेत अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को जोर-जबरदस्ती दबाने के लिये बाहूबलियों और गुंडों की सेना तैयार कर रखी है। बैंस ने कहा भाजपा विधायक की गुंडागर्दी ने एक बार फिर भाजपा का असहनशील चेहरा नंगा कर दिया है। 

बैंस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में घट रही ऐसी घिनौनी घटनाओं से पता चलता है कि भाजपा ने अपनी पार्टी के छात्र विंग समेत सभी विंगों को आदेश दे रखे हैं कि वह भाजपा के ‘एजेंडे’ को बलपूर्वक लागू करवायें। यदि कोई समूह या व्यक्ति विशेष नहीं मानता तो उसे बाहूबल के साथ कुचल दिया जाये। गैर-भाजपाई विचार रखने वालों पर देशध्रोह जैसे मुकदमें दर्ज करवा दिये जायें। ज्वाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी और पटियाला हाउस कोर्ट की ताजा घटनाएं ‘आप’ के इन आरोपों की पुष्टि करती हैं। हरजोत बैंस ने कहा कि जेएनयू छात्र पर केंद्र सरकार और भाजपा के छात्र विंग के दबाव अधीन आकर एक तरफा कार्रवाई की गई। ‘आप’ नेता ने स्पष्ट तौर पर कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी देशध्रोह का समर्थन नहीं करती, लेकिन जेएनयू मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये।

‘आप’ के लीगल सैल के प्रदेश प्रधान हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि जेएनयू मामले में जिस तेजी से कार्यवाई हुई है, उससे से पता चलता है कि पुलिस ने कार्रवाई करने से पहले जांच नहीं की। शेरगिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश विरोधी ताकतों के डटकर खिलाफ है, लेकिन तथा-कथित राष्ट्रवादियों द्वारा सांप्रदायक तरीके से देश को बांटने की कोशिश की जा रही है, ‘आप’ द्वारा उसका जोरदार विरोध किया जायेगा। शेरगिल ने कहा कि भाजपा वहीं पार्टी है जो सत्ता के लिये जम्मू-कश्मीर में उस पार्टी के साथ है जो अफजल गुरु की बरसी मनाती है, लेकिन उसी मुद्दे पर दिल्ली में अलग स्टेंड रख रही है। जिससे भाजपा का दोहरा चेहरा नंगा हुआ है।