5 Dariya News

धीरेंद्र एच. वाघेला ने बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

5 Dariya News

मुंबई 15-Feb-2016

ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश धीरेंद्र एच. वाघेला ने सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव ने यहां राजभवन में प्रधान न्यायाधीश वाघेला को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, मंत्रियों, न्यायाधीशों, न्यायिक व असैन्य अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में पद की शपथ दिलाई।मुख्य न्यायाधीश वाघेला (61) ने मुख्य न्यायाधीश मोहित शाह की जगह ली है। शाह पिछले साल आठ सितम्बर को पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। 

तब से अब तक न्यायाधीश विजया के. ताहिलरमानी कार्यकारी प्रधान न्यायाधीश के तौर पर कार्यभार संभाल रही थीं।11 अगस्त, 1954 को राजकोट में जन्मे मुख्य न्यायाधीश वाघेला कलाकारों और शिल्पियों के परिवार से हैं। पांच साल तक पारिवारिक व्यवसाय संभालने के साथ ही उन्होंने बी.कॉम की शिक्षा हासिल की।उन्होंने सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से जनरल एल.एल.बी. (1974) और स्पेशल एल.एल.बी. (1975)में पहला स्थान हासिल किया और 1976-1977 में एल.एल.एम. की।

1978 में उन्होंने श्रम और औद्योगिक न्यायालय में अपनी निजी प्रैक्टिस शुरू की और 17 सितम्बर, 1999 को उन्हें गुजरात उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया।वाघेला को मार्च 2013 में कर्नाटक उच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश का पद दिया गया। चार जून 2015 को उन्हें ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर स्थानांतरित किया गया।