हक की हिफाजत के लिए दलित-मुस्लिम एका जरूरी : असदउद्दीन ओवैसी
5 Dariya News
फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) 04-Feb-2016
मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) पार्टी के मुखिया असदउद्दीन ओवैसी ने यहां गुरुवार को अयोध्या के नजदीक एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा किसमाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार यूपी में बिल्कुल काम नहीं कर रही है। बुंदेलखंड में भूख से बेहाल लोग घास खाने को मजबूर हैं। उत्तर प्रदेश में ओवैसी की यह पहली रैली थी। फैजाबाद के मदरसा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, "मेरी पार्टी को यूपी में दाखिल होने से बार-बार रोका गया। सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव को मेरी पार्टी से सबसे ज्यादा खतरा लगता है।" उन्होंने कहा, "मुलायम को पता होना चाहिए कि मेरी वजह से अब उनकी ड्रामा कंपनी बंद होने वाली है। आप लोग साथ दें तो इनकी दुकान बंद करवा दूंगा। ये लोग मुसलमानों और दलितों को वोट बैंक से ज्यादा कुछ नहीं समझते।"
हैदराबाद से सांसद आवैसी ने आगे कहा, "मुलायम और उनके मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश यादव के साथ ही इनके परिवार के सभी सदस्यों की नींद अब गायब होने वाली है। ये लोग हमको अब किसी भी कीमत पर यूपी में आने से रोक नहीं सकते।"ओवैसी ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भरतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों पर जरा भी यकीन नहीं किया जा सकता। ये लोग हर जगह से आरक्षण खत्म करने की सोच रहे हैं। उन्होंने कहा, "दलित समुदाय के लोग इस साजिश को समझें और मुस्लिमों के साथ खड़े होकर अपने हकूक (अधिकारों) के लिए लड़ें। अगर ये दोनों कौमें एक हो गईं तो कोई भी ताकत हमें अपने हक लेने से नहीं रोक सकती।"गौरतलब है कि ओवैसी की पार्टी ने बीकापुर विधानसभा उपचुनाव में एक दलित प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। फैजाबाद जिले के बीकापुर में मतदान 13 फरवरी को होना है। यह मुस्लिम बहुल इलाका है।बीकापुर विधानसभा सीट से एमआईएम के प्रत्याशी प्रदीप कोरी हैं। सपा विधायक मित्रसेन यादव के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।