5 Dariya News

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल थी सिख रेजीमेंट : कमल शर्मा

सिख लाइट रेजीमेंट ने परेड में बजाई 'संविधान धुन

5 Dariya News

चंडीगढ़ 03-Feb-2016

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने स्पष्ट किया है कि अबकी बार गणतंत्र दिवस परेड में सिख रेजीमेंट को शामिल किया गया था। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में उन्होंने इस बात को गलत बताया है कि सिख रेजीमेंट को इस परेड में शामिल नहीं किया गया था और इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा की जा रही राजनीतिक ब्यानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।भाजपा अध्यक्ष ने इस संबंध में मीडिया को जारी दस्तावेजों के हवाले से बताया कि मिक्स बैंड की झांकी में सिख लाईट रेजीमेंट सेंटर के जवानों ने हिस्सा लिया था और 'संविधान धुन बजाई थी। इस मौके पर जवानों के कंधों पर अपनी रेजीमेंट के ब्राशर भी सुशोभित थे। 

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा इस संबंध में की गई राजनीतिक टिप्पणी पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष  कमल शर्मा ने कहा कि सेना की पृष्ठभूमि होने के बावजूद कैप्टन अमरिंदर सिंह सेना के नियमों को नहीं जानते। श्री शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में रेजीमेंटों को शामिल करने की बारी रोस्टर से आती है और एक रेजीमेंट 2-3 साल बाद गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनती है। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली नई नहीं बल्कि पहले से चली आ रही है। 2009 और 2012 में जब केन्द्र में यूपीए की सरकार थी तब भी  पंजाब रेजीमेंट, सिख टेरीटोरियल आर्मी, सिख लाईट टेरीटोरियल आर्मी, सिख लाईट रेजीमेंट को गणतंत्र दिवस में शामिल नहीं किया गया था।भाजपा अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने बताया कि सिख रेजीमेंट भारत का गौरव और भारतीय सेना की सशक्त रेजीमेंट है और इस प्रशासनिक मुद्दे पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।