5 Dariya News

10,586 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा प्रदानः वीरभद्र सिंह

5 Dariya News

कांगड़ा 02-Feb-2016

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अतिरिक्त प्राथमिकता प्रदान की है ताकि उनकी आर्थिकी में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान 400 करोड़ रुपये की लागत से 10,586 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।मुख्यमंत्री आज कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र जवाली में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले की 180 करोड़ रुपये की छौंछ खड्ड तटीकरण तथा नूरपुर में 205 करोड़ रुपये की फिन्ना सिंह परियोजनाओं का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे 3000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांगड़ा जिला के कन्दरौड़ी में तथा ऊना जिला के पंडोगा में क्रमशः 95.77 करोड़ रुपये व 88.05 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना की जा रही है, जिससे राज्य के बहुत से युवाओं को परोक्ष अथवा अपरोक्ष रोजगार उपलब्ध होंगे।मुख्यमंत्री ने जवाली में 1.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य भवन के नए ओपीडी ब्लाक का लोकार्पण किया। उन्होंने जवाली में 3.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुटबाल स्टेडियम की आधारशिला भी रखीं।

श्री वीरभद्र सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जवाली के पुराने भवन के शौचालयों के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की घोषणा की और लोक निर्माण विभाग को शीघ्र कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जवाली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पाठशालाओं के स्तरोन्ययन सहित अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।मुख्य संसदीय सचिव श्री नीरज भारती ने जवाली विधानसभा क्षेत्र आने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह राज्य के लोगों के सही मायने में हितकारी हैं और जब भी वे विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हैं, उन्होंने हमेशा ही मांगों को पूरा किया है। उन्होंने क्षेत्र की अनेक मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष श्री चन्द्र कुमार ने जवाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जवाली में ओपीडी खण्ड के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।वन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, पूर्व विधायक श्री सुरेन्द्र काकू, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष ठाकुर रण सिंह, महासचिव श्री बसीर मोहम्मद, नगर पंचायत की अध्यक्ष सुश्री पुष्पा देवी, उपाध्यक्ष श्री तिलक राज, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।