बिजली बिलों के खिलाफ महम के कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
5 Dariya News
पंचकूला 02-Feb-2016
इनेलो द्वारा जारी अनिश्चितकालीन धरने को लेकर रोहतक जिले के महम हलका के इनेलो कार्यकत्र्ताओं ने भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिलों की दरों में बढ़ौतरी के खिलाफ जमकर विरोध जताते हुए शक्ति भवन पंचकूला में धरना दिया। धरने का नेतृत्व रोहतक जिला प्रधान सतीश नांदल ने किया। इस मौके पर इनेलो के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, कुलभूषण गोयल, जिला महासचिव जरनैल सिंह, नीरज भल्ला, सुरेन्द्र कुंडू, सुच्चा सियूड़ी, जसबीर सिंह इत्यादि मौजूद थे।इनेलो नेता सतीश नांदल ने संबोधित करते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों के लिए इनेलो का यह संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि जनता के हित सर्वोपरि है। इनेलो नेता ने कहा कि बिजली बिलों की बढ़ौत्तरी सरकार को हर सूरत में वापिस करनी होगी और इसके लिए चाहे हमें जेल में क्यूं न जाना पड़े। नांदल ने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखे में रखकर सत्ता तो हथिया ली लेकिन आज जनता के हितों के लिए कोई भी काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सवा साल हो गया परंतु हरियाणा प्रदेश में एक भी विकास का काम नहीं किया और युवाओं को नौकरी नही मिल रही है, जिसके कारण युवा मायूस है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों के साथ सबसे बड़ा धान खरीद घोटाला हुआ, जिसका किसान को नुकसान पहुंचा। सरकार सही दिशा में काम नहीं कर रही है, यही कारण है कि आज प्रदेश की जनता समस्याओं के लिए त्राही-त्राही कर रही है।प्रदीप चौधरी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है क्योंकि एक भी ऐसी योजना कामयाब नहीं हुई, जिन योजनाओं के बलबुते पर भाजपा नेताओं ने अपना चेहरा चमकवाने का ही काम किया है। उन्होंने कहा कि आज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सडक़ों पर विरोध कर रहे है और सरकार की ओर से किसी के लिए भी कोई राहत भरा काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शक्ति भवन के सामने धरना जारी रहेगा, जब तक सरकार बिजली बिजलों की वृद्धि वापिस नहीं लेती।