हिसार में जाम से निपटने के लिए दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में रखा गया प्रस्ताव
5 Dariya News
हिसार 02-Feb-2016
देश के युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने आज हिसार के कैमरी रोड व सेक्टर 16-17 रेलवे फाटक से बाईपास पर होने वाली जाम की समस्या से निपटने के लिए डीएवी स्कूल के पास रोड को शुरू करने के लिए नहर पर एक पुल बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा प्रदेश सरकार हिसार में गौ अभ्यारण के लिए दी गई जमीन के बदले में 22 करोड़ रूपये हिसार निगम द्वारा जमा करवाए जाने का विरोध जताते हुए इसके निर्माण की जिम्मेवारी का हरियाणा सरकार द्वारा सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा। हिसार के विभिन्न हिस्सों में बढ़ रहे बंदरों के आतंक से छुटकारा दिलवाने के लिए भी सांसद ने गंभीरता दिखाते हुए शहर में बंदर पकडऩे के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद ने हिसार में हुई बैठक में वन विभाग द्वारा दी गई अनुमति की प्रति सदन के समक्ष रखी। सांसद दुष्यंत चौटाला आज नगर निगम हिसार की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
युवा सांसद ने रेलवे बाईपास बनाने के लिए निगम की बैठक में प्रस्ताव रखा और कहा कि सदन द्वारा पास किया गया प्रस्ताव को लेकर वह रेलमंत्रालय से बात करेंगे और रायपुर के पास रेलवे बाईपास बनाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से राजगढ़-सरदूलगढ़-लुधियाना जाने वाली रेलगाडिय़ों के इंजन बदलने में बर्बाद होने वाला समय बचेगा और दिल्ली से लुधियाना-जम्मू जाने वाली रेलगाडिय़ों की संख्या बढऩे की संभावना बढ़ जाएगी। इसके लिए सांसद दुष्यंत चौटाला ने रायपुर रेलवे स्टेशन को ई ग्रेड से ए ग्रेड स्टेशन बनवाने के लिए पहल की। सांसद दुष्यंत चौटाला ने पार्षद राजपाल मांडू के गांव सातरोड़ खास में स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इसके लिए यदि निगम जमीन दे और स्टेडियम निर्माण के लिए केंद्र सरकार की योजना का लाभ उठाए। उन्होंने कहा कि साढ़े चार एकड़ से अधिक जमीन पर बनने वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए केंद्र सरकार एक करोड़ से अधिक की राशि की सहायता देती है।
सांसद ने सिटी थाना के पास पार्किग योजना को लागू करने को हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए पार्किंग जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। इस बैठक में निगम की मेयर शकुंतला राजलीवाला, जिला उपायुक्त डा. चंद्रशेखर खरे, डिप्टी मेयर डीएन सैनी व भीम महाजन सहित निगम पार्षद व अधिकारी उपस्थित थे।सांसद दुष्यंत चौटाला ने हिसार में मुर्दा पशुओं के निस्तारण के लिए इलेक्ट्रानिक मशीन सरकार की स्वच्छता अभियान के तहत खरीदने की बात कही। धोबी घाट को लेकर सरकार द्वारा जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र पर चर्चा करते हुए सासद दुष्यंत चौटाला ने रज्जक समाज को जमीन कम से कम रेट पर जमीन देने को कहा। उन्होंने पार्षद कमला बंसल के वार्ड नंबर 2 में वार्डवासियों द्वारा लगाए गए पेड़ों की रक्षा के लिए वन विभाग को ट्री-गार्ड उपलब्ध करवाने को कहा। सांसद ने बैठक में सूर्य नगर फाटक के निर्माण के लिए अधिकारियों से स्टेट्स रिपोर्ट भी पूछी और सूर्य नगर से गुजर रही हाईटेंशन तार को जल्द से हटवाने के निर्देश दिए। बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को जल्द से जल्द शुरू करवाने को लेकर चर्चा हुई। युवा सांसद ने सदन में नेपाली समाज की मांग उठाते हुए उन्हें धर्मशाला के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव भी सदन में रखा।