5 Dariya News

बिजली बिलों के खिलाफ बवानीखेड़ा के कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

5 Dariya News

पंचकूला 01-Feb-2016

इनेलो के अनिश्चितकालीन धरने में सोमवार को हलका के कार्यकत्र्ताओं ने बिजली बिलों की वृद्धि वापिस लेने की मांग को  लेकर शक्ति भवन के सामने धरना दिया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने में बलदेव सिंह व रमेश लांबा के अलावा कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष पंचकूला प्रदीप चौधरी, प्रदेश कार्यालय सचिव नछत्तर मल्हान व कुलभूषण गोयल भी मौजूद रहे।इनेलो नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की जननी बनती जा रही है और आज भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई घोटाले सामने आ चुके है। भाजपा ने उन घोटालों की जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की बजाए, घोटालों को दबाने का काम किया है। जिसके कारण आज जनता का भाजपा से पूरी तरह से विश्वास उठ चुका है। उसे जनता की भलाई बेहतर नहीं लग रही, यही कारण रहे है कि बिजली के तीन गुणा बिल बढ़ाकर प्रदेश के बिजली उपभोक्ता को लूटने का भाजपा ने खुला काम शुरू कर दिया। 

इनेलो नेताओं ने कहा कि भाजपा चुनावों से पहले जीरो-टोलरेंस की बात करती थी, आज जब सत्ता का सवा वर्ष भी नहीं हुआ तो भ्रष्टाचार के जाल में फंसती जा रही है। पहले धान घोटाला करने में भाजपा ने कांग्रेस के भी रिकार्ड तोड़ दिए और अब हाल ही में आरटीआई से खुलासा हुआ कि 700-900 किमी प्रतिदिन गाड़ी में चलकर भाजपा के मंत्री फर्जी बिलों के सहारे अपनी जेबें भरने का काम कर रहे हैं।पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते एक सम्मान रूप से पूरे हरियाणा प्रदेश का विकास किया और किसी भी राजनीतिक दल से सबंध रखने वाले सरपंचों को बराबरी से गांव के विकास के लिए पैसा दिया गया। परंतु आज भाजपा पंचायती चुनावों में जीते हुए सरपंचों पर सत्ता का दबाव बनाकर विकास करवाने के लिए अपने साथ जुडऩे पर जोर दे रही है। प्रदीप चौधरी ने कहा कि आज लोग इनेलो शासनकाल को याद कर रहे है। चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने सरकार आपके द्वार जैसे बेहतर कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर ही लोगों की समस्याओं को निपटाया और आज सी.एम विन्डों पर शिकायतें देने का लोगों को कोई भी फायदा नहीं पहुंच रहा है। इस मौके पर जिला पंचकूला महासचिव जरनैल सिंह, सुरेन्द्र कुंडू, नीरज भल्ला, जसबीर सिंह, आजाद मलिक सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।