खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले किशन कपूर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय उपभोक्ता मामले मंत्री श्री रामविलास पासवान से भेंट की।श्री किशन कपूर ने केन्द्रीय मंत्री से प्रदेश की वर्ष 2016-17 का लगभग 35 करोड़ 99 लाख रुपये के बकाया उपदान को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेश के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली परियोजना को 31 मार्च, 2019 तक बढ़ाने का आग्रह किया।उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के मध्यनजर मिट्टी के तेल का कोटा बढ़ाने का भी आग्रह किया ताकि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में मिट्टी का तेल उपलब्ध हो सके। उन्होंने अन्नपूर्णा योजना के अन्तर्गत गेंहू जारी करने का भी आग्रह किया।श्री किशन कपूर ने केन्द्रीय मंत्री से राज्य में खाद्यानों के भण्डारण के लिए और अधिक गोदाम बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य में गोदामों की कमी के चलते उपभोक्ताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली व अन्य योजनाओं के अन्तर्गत वितरित की जा रही खाद्यान सामग्री को भण्डरण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।श्री पासवान ने श्री कपूर को आश्वासन दिया कि प्रदेश की लम्बित वर्ष 2016-17 का उपदान शीघ्र जारी करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली परियोजना को आगे बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कैरोसीन का कोटा बढ़ाने का मामला केन्द्रीय पैट्रोलियम मंत्रालय से प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने अन्नपूर्णा योजना के अन्तर्गत गेहूं जारी करने के मामले को भी केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से उठाने का आश्वासन दिया ताकि प्रदेश को इस योजना के अन्तर्गत शीघ्र गेहूं जारी किया जा सके।