जम्मू एवं कश्मीर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में सुधार देखने को मिला। रातभर बादल छाए रहने से लोगों को सप्ताह भर से चल रही तेज सर्द हवाओं से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा, "श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।"जम्मू शहर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में सुधार देखने को मिला है। पहलगाम में तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ, जबकि गुलमर्ग में शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ, जो घाटी में सबसे कम तापमान रहा। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ और कारगलि में शून्य से 20.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ, जो तापमान में कुछ सुधार दर्शा रहा है। जम्मू क्षेत्र में गुरुवार को न्यूनतम तापमान कहीं भी हिमांक बिंदु से नीचे नहीं पहुंचा। जम्मू क्षेत्र के कटरा में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 5.2 डिग्री, बनिहाल में 1.6 डिग्री, भदरवाह में 2.8 डिग्री और उधमपुर में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।