नेपाल में पिछले तीन दिनों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आधिकारिक बयान में कहा गया है कि तराई क्षेत्र के निचले इलाकों के विभिन्न जिलों में कम से कम 53 लोग लापता हो गए हैं। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से तराई क्षेत्र में काफी तबाही हुई है, साथ ही हजारों परिवार विस्थापित हुए हैं और संपत्ति, मवेशी और फसलों का नुकसान हुआ है। काठमांडू पोस्ट की रपट के मुताबिक, इस इलाके के कई शहर बाढ़ की चपेट में हैं। मंत्रालय ने कहा कि मैदानी इलाकों में दर्जनों जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि 35,000 घरों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है और 1000 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस और सेना के जवान शनिवार से ही बचाव कार्य में लगे हुए हैं। लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से बचाव अभियान में बाधा आ रही है।