छत्तीसगढ़ की नवाचारी महिला किसान पुष्पा साहू पूरे प्रदेश में हरियाली की अलख जगाने के बाद अब हरियर रायपुर बनाने की तैयारी में हैं। उन्होंने 'हरियर रायपुर' की रूपरेखा प्रदेश के राज्यपाल बलरामदास टंडन को सौंपी है। उन्हें समूचे छत्तीसगढ़ में 'हरियाली दीदी' के नाम से भी जाना जाता है।हरियाली दीदी के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अपने इस प्रयास को छत्तीसगढ़ के जन-जन तक पहुंचाएं।राज्यपाल टंडन ने हरियाली दीदी को यह योजना प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाने की सलाह दी है। हरियाली दीदी ने राज्यपाल की सलाह पर काम करना शुरू कर दिया है। अब वह रायपुर के हर इलाके में लोगों को मकान की छत पर खेती के तरीके बता रही हैं।हरियाली दीदी ने खास मुलाकात में कहा, "घर की छत पर खेती करना उतना ही आसान है, जितना क्यारियों में करना।
छत पर आसानी से सब्जी और औषधीय पौधों के साथ ही आम, केला, संतरा जैसे फलों की खेती भी की जा सकती है।" इस दौरान उन्होंने प्राप्त हुए विभिन्न पुरस्कारों के बारे में बताया।हरियाली दीदी ने बताया कि हाल ही में गुजरात प्रवास के दौरान उन्हें जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय में एक संगोष्ठी के समापन पर दिल्ली के अमित सिंह मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा एएसएम उद्यान रत्न पुरस्कार-2017 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने प्रदान किया। इस संगोष्ठी में पुष्पा साहू ने 'रूफ टॉप ऑर्गेनिक फार्मिग : एन इनोवेशन एप्रोच फॉर अरबन एंड पेरी-अरबन एरियाज' विषय पर ओरल प्रजेंटेशन दिया था।हरियाली दीदी ने रायपुर में वीएनएस से चर्चा के दौरान कहा कि रायपुरवासी यदि छत की खेती को अपना लें तो उन्हें उत्पाद भी शुद्ध मिलेगा और शहर के पर्यावरण पर भी इसका अनुकुल प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने कहा, "हमें प्रतिदिन घर में उपयोग होने वाली सब्जियों की खेती करने से रोजमर्रा की चीजें घर में ही मिल जाएंगी और पर्यावरण भी सुरक्षित हो जाएगा, तो क्यों न हमें छत पर खेती की ओर बढ़ना चाहिए।"हरियाली दीदी ने बताया कि उन्होंने जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय (गुजरात) के अधिकरियों की महिला समिति के सदस्यों को छत पर जैविक खेती के बारे में प्रशिक्षण भी दिया है। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति की पत्नी एवं समिति के लगभग 40 महिला सदस्य उपस्थित थीं। उन्हें समिति के सदस्यों ने भविष्य में प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में आमंत्रित कर एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की बात कही है।