ओलम्पिक रजत पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु ने यहां जारी इंडोनेशिया ओपन में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। जबकि, रियो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्पेन की बैडमिटन खिलाड़ी कैरोलिना मारिन को उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। सिंधु ने महिला एकल वर्ग के पहले दौर में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया है। तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त सिंधु ने 20वीं विश्व वरीयता प्राप्त चोचुवोंग को 33 मिनट के भीतर सीधे गेमों में 21-12, 21-19 से मात दी। दूसरे दौर में सिंधु का सामना अमेरिका की बेवेई झांग से होगा। चीन की चेन शियाओशिन ने दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त मारिन को एक घंटे चार मिनट तक चले मुकाबले में 21-12, 10-21, 22-20 से मात दी।