कर्नाटक विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष वीरन्ना मट्टिकट्टी के दामाद सहित 14 लोगों को शनिवार की रात अमान्य करार दिए गए 9.10 करोड़ रुपये मूल्य के नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। बेंगलुरु सिटी के अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त एच. एम. महादेवप्पा ने कहा, "एक गुप्त सूचना पर हमने बेंगलुरु मध्य उपनगर के बेन्सन टाउन के एक घर की तलाशी ली और अमान्य 9.10 करोड़ रुपये की राशि के नोटों को बदलने के प्रयास में जुटे 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।"पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से 15 मोबाइल फोन, दो दोपहिया और दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।महादेवप्पा ने कहा, "हमने गिरफ्तार किए गए 14 में से 13 लोगों को अदालत के समक्ष पेश किया।
न्यायाधीश ने उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हमने गिरफ्तार लोगों में से एक एडविन रोसरिओ को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया है।" इन 14 लोगों को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और दंड प्रक्रिया संहिता 41बी व विर्निष्ट बैंक नोट्स (देयताओं की समाप्ति) अधिनियम 2017 के तहत गिरफ्तार किया है।यहां 23 मार्च को दो व्यक्तियों को 1.28 करोड़ रुपये मूल्य के अमान्य नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था।इसके बाद 28 मार्च को 500 और 1,000 रुपये के प्रतिबंधित नोटों में 4.98 करोड़ रुपये की रकम के साथ 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था।