शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फरीदकोट जिले के गांव बहबलकलां में हुई बेअदबी की घटना की जांच सीबीआई से करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि इस घिनौने अपराध का पर्दाफाश होना ही चाहिए। रविवार को यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पंजाब में आने के साथ ही बेअदबी की घटनाएं शुरू हुई हैं। पंजाब सरकार ने बेअदबी की ऐसी 30 वारदातों को सुलझाया है। इनमें से बहबलकलां की घटना अभी सुलझी नहीं है। बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पंजाब में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल ने पिछली रात ही मोगा स्थित खालिस्तान कमांडो फोर्स के कमांडर गुरिंदर सिंह के घर पर बिताई है। गुरिंदर पर एक पुजारी की हत्या का आरोप है। उस पर मंदिरों में गाय की पूंछ काट कर फेंकने का आरोप भी है।
बादल ने कहा कि कांग्रेस ने श्री दरबार साहिब पर तोपों से हमला करवा कर सबसे बड़ी बेअदबी की है। आप भी इस मामले में कांग्रेस से पीछे नहीं है। आप की सरकार ने दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरूद्वारा शीशगंज के प्याऊ को तुड़वाया।
अपने चुनावी घोषणा पत्र की तुलना श्री गुरू ग्रंथ साहिब से की। उन्होंने कहा कि देश को एक मजबूत प्रधानमंत्री की आवश्यकता है। पाकिस्तान भी अब शरारत से गुरेज कर रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने पंजाब को रोड नेटवर्क के लिए खुले दिल से ग्रांट और एम्स और आईआईएम जैसे संस्थान दिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस पंजाब का पानी राज्य से बाहर ले जाने के लिए जिम्मेदार है। अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों मिल कर पंजाब का बाकी बचा पानी राज्य से बाहर ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन पंजाब के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गठबंधन ने श्री दरबार साहिब के अहाते का सौंदर्यीकरण किया है। गठबंधन ने श्री राम तीर्थ स्थल और श्री गुरू रविदास मंदिर का विकास किया है। सभी धर्मों के लोगों को उनके तीर्थ स्थानों की यात्राएं करवाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार में पंजाब को 32 फीसदी की तुलना में 42 फीसदी फंड मिला है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार होने का पूरा फायदा पंजाब को मिला है। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सुश्री हरसिमरत कौर ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ कुप्रचार की निंदा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा बिना किसी लालच या भेदभाव पंजाबियों की सेवा की है। वह पंजाब में शांति और धार्मिक सद्भाव के लिए जाने जाते हैं। इस मौके पर अन्य वरिष्ठ नेताओं में पंजाब भाजपा अध्यक्ष अशोक सांपला, वरिष्ठ अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह, मोगा के अकाली प्रत्याशी बरजिंदर सिंह बराड़, कोटकपूरा के अकाली प्रत्याशी मंतार सिंह बराड़, फरीदकोट के अकाली प्रत्याशी परमबंस सिंह रोमाणा, बाघापुराना के अकाली प्रत्याशी तीर्थ सिंह माहलां, निहाल सिंहवाला के अकाली भाजपा प्रत्याशी एसआर क्लेर, बठिंडा के अकाली भाजपा प्रत्याशी सरूप चंद सिंगला और मुक्तसर साहिब के अकाली भाजपा प्रत्याशी कंवरजीत सिंह रोजी बरकंडी भी उपस्थित रहे।