मोदी सरकार ने जय हिंद को विकृत कर जियो हिंद कर दिया : सीताराम येचुरी
5 Dariya News
नई दिल्ली , 23 Jan 2017
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सीताराम येचुरी ने महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर नेताजी के 'जय हिंद' के नारे को विकृत करने का आरोप लगाया। नेताजी की 120वीं जयंती पर येचुरी ने कहा, "भारत के देशभक्तों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक 'प्रिंस' के तौर पर जाना जाता है। उनका विश्वास भारतीय राष्ट्रवाद में था, न कि धर्म या संप्रदाय पर आधारित राष्ट्रीयता के संकीर्ण विचार के रूप में।"उन्होंने कहा, "इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) में व्यापक तबके के लोग थे।
नेताजी देश की स्वतंत्रता के लिए लोगों को जुटाने में सक्षम थे।"रिलायंस जियो के एक विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए येचुरी ने कहा, "खेदजनक है कि एक ऐसी सरकार सत्ता में है, जो भारतीय होने का दावा तो करती है, लेकिन उसने जय हिंद के नारे को विकृत कर जियो हिंद में तब्दील कर दिया है।"उन्होंने कहा, "लेकिन, हम सब मिलकर जय हिंद को वापस लाएंगे।"