पूरा हिमाचल प्रदेश बर्फीली हवाओं की चपेट में है। अधिकांश स्थानों पर गुरुवार को तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला में रात में तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई। बुधवार के मुकाबले मामूली वृद्धि के साथ सुबह 1.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। किन्नौर जिले के कल्पा में तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि मनाली में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, सोलन में 0.8 डिग्री सेल्सियस और धर्मशाला में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने मुख्य रूप से शनिवार तक शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।